Search This Blog

Showing posts with label मेरठ. Show all posts
Showing posts with label मेरठ. Show all posts

Friday, August 30, 2019

काँवड़ यात्रा : मेरा अनुभव ( भाग ६, अंतिम कड़ी)

  भाग ६ अंतिम कड़ी
पुरामहादेव जलाभिषेक 

अभी तक भाग १ में यात्रा की तैयारी, भाग २ में दिल्ली से हरिद्वार ट्रेन यात्रा का विवरण, भाग ३ में काँवड़ यात्रा के पहले दिन हरिद्वार से नारसन का सफर, भाग ४ में यात्रा के दूसरे दिन नारसन से मंसूरपुर तक, और भाग ५ में तीसरे दिन मंसूरपुर से अपने गाँव रासना तक की यात्रा पढ़ी,

अब आगे 

पिछले भाग के अंत मे आपने पढ़ा कि हम सुबह ढाई बजे जगने का निर्णय करके सो गए, घर के साफ सुथरे बिस्तर, हवा और अच्छे खाने की वजह से अच्छी नींद आई, सुबह ढाई बजे एक बार मेरी नींद खुली मैंने पहले फोन में टाइम देखा फिर आसपास, सब मस्त सोए पड़े थे, मैं भी चुपचाप चद्दर वापस ढक कर सो गया, थोड़ी देर बाद तीन बजे बाहर से मम्मी की आवाज आई, जो इतनी सुबह उठकर हमे जगाने आ गयी थी, अब तो जगना ही था तो धीरे धीरे सब जगे और दैनिक क्रियाओं से निपटकर पुरा महादेव जलाभिषेक के लिए निकल पड़े, निकलते निकलते ५ बज गए थे, पुरा महादेव हमारे यहां से करीब १०-११ किमी है तो हमने ८ बजे तक पहुंचने का अनुमान लगाया, 

धीरे धीरे चलकर और रास्ते मे दो जगह रुककर भी 8 बजे से पहले ही पुरा पहुंच गए, मेला परिसर में एक जानकर की दुकान पर अतिरिक्त सामान और जूते चप्पल रखकर हम सब मंदिर परिक्रमा और जलाभिषेक के लिए लाइन में पहुंचे, अब तक भीड़ काफी बढ़ चुकी थी

बाहरी परिक्रमा के बाद जब मुख्य लाइन में पहुंचे वहां भीड़ भयानक थी, यहां से लाइन बड़े धीमे से खिसक रही थी, किसी तरह मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंचे, यहां बैरिकेट अलग ही तरीके से लगाया गया था जिसके नीचे से बैठ कर जाना था, जिसकी उचाई कमर से भी नीचे थी, इतनी भीड़ धक्कामुक्की में उसके नीचे से निकलना अपने आप मे चुनोतिपूर्ण था, ये भगवान का आशीर्वाद या कृपा ही समझ लो यहां कोई हादसा नही हुआ, 



भीड़ में जैसे तैसे मसक्कत करते हुए हम भी मुख्य मंदिर में पहुंचे शिवलिंग का जलाभिषेक किया, जलाभिषेक करते सेक्युरिटी ने आगे ढकेल दिया, मंदिर के मुख्य निकास द्वार पर बाकी साथियों के आने की प्रतीक्षा की कुछ मुझ से पहले आ चुके थे एक दो बाकी थे, 

अब बारी थी मेला घूमने की, तो निश्चित हुआ कि मेला जिसका जैसे मन है घूमे और घूमकर अंत मे सब उसी दुकान पर मिलेंगे जहां सामान और जूते चप्पल रखे है,  तो हम लोग दो टीम में अलग अलग हो गए, मेरे साथ राहुल और गौरव रह गए, बाकी लोग अलग निकल गए, 
मेले में सबसे पहले घर के बच्चों के लिए खिलौने खरीदे, फिर प्रसाद के साथ देने के लिए कुछ माला आदि, फिर घर मंदिर के लिए घंटी आदि कुछ सामान, शॉपिंग के बाद बाहर की तरफ चलते हुए खाने के स्टाल थे वहां छोले भटूरे का स्टाल देखते ही राहुल फैल गया को छोले भटूरे खाने है मैंने उसे बड़ी मुश्किल से समझाया कि यहां आज खाने लायक कुछ नही मिलेगा , गाँव का मेला है तो सब रेलमपेल होगा, फिर पड़ोस में ही चांट देखकर फैल गया, चांट देखकर मैंने भी सोचा कि चलो खा ही लेते है तो हम तीन लोग साथ थे तीन प्लेट टिक्की आर्डर की, दिखने में तो टिक्की ठीक थी लेकिन स्वाद गायब था, मैं टिक्की ख़त्म कर पाता इस से पहले ही राहुल वापस भाग कर छोले भटूरे की स्टाल में घुस गया बोला भाई मैं छोले भटूरे देख कर कंट्रोल नही कर सकता, 
समझाने के बाद भी नही माना तो मैं साथ तो चला गया लेकिन खाने से मना कर दिया कि केवल दो प्लेट मंगाई जाए, छोले भटूरे जब सामने आए तो उसका सारा छोले भटूरे का प्रेम गायब हो गया, 
अब मेरी हंसने की बारी थी मैं उसकी शक्ल और छोले भटूरे की प्लेट देख कर हंस रहा था, उन दोनों ने किसी तरह एक एक भटूरा खाया एक एक प्लेट में ही छोड़ कर गायब, मैंने भी उन्ही की प्लेट से टेस्ट किया था थोड़ा, हम छोले भटूरे के स्टाल पर पहुंचे थे तभी बाकी लोग अड्डे पर पहुंच चुके थे जहाँ मिलना था उनका फोन आना शुरू हो चुका था, 
हम उन्हें गोली देते रहे कि यहां पहुंच गए वहां पहुंच गए दुकान नही मिल रही, फिर जब हम पहुंचे तो उनसे उनसे नजर बचा कर थोड़ा आगे निकल गए दुकान से फिर वापस मुद कर आए और बोले हम तो बाहर तक पहुंच गए थे दुकान नही दिखी, 
   
फिर हमने वहां से जूते चप्पल और बाकी सामान लिया और वहां से प्रसाद खरीदा सबने घर के लिए, अब फिर बाहर निकलकर हमने घर के लिए ऑटो बुक किया, रास्ते मे एक ट्यूबवेल पर सब जी भरकर नहाए, जो जाते हुए ही निश्चित हो गया था कि वापसी में यहां नहाकर चलेंगे, 
  गाँव पहुंच कर, गाँव के मंदिर, और आपने देवता पर भी जल और प्रसाद चढ़ाया फिर हम सब अपने अपने घर निकल लिए और हमारी काँवड़ यात्रा का अंत हुआ, 

विशेष 
  हमारी यात्रा में मुझे कहाँ क्या कमी लगी , आगे के लिए क्या सीख मिल इस बारे में थोड़ी बात कर लेते है, 
  १, यदि आपका प्लान पहले से ही फाइनल है कि जाना है तो शारीरिक रूप से भी थोड़ी तैयारी जरूर कर लें पैदल चलने की, 
  २, मच्छरों से सुरक्षा के लिए अपने साथ ओडोमास जैसा कुछ जरूर अपने साथ रखे, 
 ३, धूप में चलने से पूरी त्वचा झुलस जाएगी तो बड़ी कैप और यदि हो सके तो सनक्रीम भी जरूर ले ले, क्योंकि आने के बाद मैंने देखा झुलस कर पूरी त्वचा काली पन्नी जैसी हो गयी थी जो जगह जगह से पपड़ी के रूप में उतर भी रही थी, 
 ४, साथी हमेशा विश्वसनीय चुने जो हर हाल में साथ रहे और जिनके साथ आप हर हाल में रह सकते हो, एक दूसरे को छोड़कर ना भागे
५, सबसे पहला और जरूरी श्रद्धा और आस्था सबसे ज्यादा मुख्य है, इसके बिना यात्रा सफल होना मुश्किल है भले ही शारीरिक रूप से कितने भी मजबूत हो,
६, यात्रा का सबसे दुखद पहलू जिसके बारे में अभी तक कहीं कोई जिक्र नही किया, नशा !!!
लोग भगवान शिव का प्रसाद बोलकर यात्रा में बेतहासा नशा करते दिखे, नशा किसी भी रूप में ही नाश की निशानी है इससे बचकर रहे,

  अगली यात्रा की उम्मीद में 
   जय भोले भंडारी,  



पुरामहादेव 

जिसे परशुरामेश्वर भी कहते हैं उत्तर प्रदेश के मेरठशहर के पास, बागपत जिले से ४.५ कि.मी दूर बालौनी कस्बे में एक छोटा से गाँव पुरा में हिन्दू भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है जो शिवभक्तों का श्रध्दा केन्द्र है। इसे एक प्राचीन सिध्दपीठ भी माना गया है। केवल इस क्षेत्र के लिये ही नहीं प्रत्युत्त समस्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसकी मान्यता है। लाखों शिवभक्त श्रावण और फाल्गुन के माह में पैदल ही हरिद्वार से कांवड़ में गंगा का पवित्र जल लाकर परशुरामेश्वर महादेव का अभिषेक करते हैं। 


जहाँ पर परशुरामेश्वर पुरामहादेव मंदिर है। काफी पहले यहाँ पर कजरी वन हुआ करता था। इसी वन में जमदग्नि ऋषि अपनी पत्नी रेणुका सहित अपने आश्रम में रहते थे। रेणुका प्रतिदिन कच्चा घड़ा बनाकर हिंडन नदी नदी से जल भर कर लाती थी। वह जल शिव को अर्पण किया करती थी। हिंडन नदी, जिसे पुराणों में पंचतीर्थी कहा गया है और हरनन्दी नदी के नाम से भी विख्यात है, पास से ही निकलती है। यह मंदिर मेरठ से ३६ कि.मी व बागपत से ३० कि.मी दूर स्थित है।
प्राचीन समय मे एक बार राजा सहस्त्र बाहु अपनी सेना के साथ शिकार खेलते हैं ऋषि जमदग्नि के इस आश्रम में पहुंचे, यहां ऋषि की अनुपस्थिति में कामधेनु गाय की कृपा से राजा का पूर्ण आदर सत्कार किया। राजा उस अद्भुत गाय को बलपूर्वक वहाँ से ले जाना चाहता था। परन्तु वह ऐसा करने में सफल नहीं हो सका। अन्त में राजा गुस्से में रेणुका को ही बलपूर्वक अपने साथ अपने महल हस्तिनापुर ले गया, तथा कमरे में कैद कर दिया, वहां रानी ने मौका देखकर अपनी छोटी बहन की सहायता से रेणुका को मुक्त करा दिया, रेणुका ने वापस आकर जब ऋषि को सारा वृतांत बताया तो ऋषि ने एक रात्रि पर पुरूष के साथ महल में रहने के कारण रेणुका को आश्रम छोड़ने का आदेश दिया, रेणुका ने अपने पति से प्रार्थना की वह पवित्र है आश्रम छोड़ कर नही जाएगी, चाहे आप अपने हाथों से उसके प्राण हर ले,
ऋषि ने अपने पुत्रों को माता का सर धड़ से अलग करने का आदेश दिया, परन्तु तीन पुत्रो ने मना कर दिया, चौथे पुत्र परशुराम ने पिता की आज्ञा को अपना धर्म मानते हुए माता का सर काट दिया, उन्हें इसका घोर पश्चताप था इसलिए उन्होंने वहां शिवलिंग स्थापित कर उसकी पूजा करते है घोर तपस्या आरम्भ कर दी, उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर आशुतोष भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा, परशुराम ने अपनी माता को पुनर्जीवित करने की प्रार्थना की, भगवान शिव ने उनकी माता रेणुका को पुनर्जीवित कर दिया, आशीर्वाद स्वरूप एक परशु (फरसा) दिया तथा कहा युद्ध मे जब भी इसका प्रयोग करोगे तो विजयी होंगे,

परशुराम जी वही पास के वन में एक कुटिया बनाकर रहने लगे। थोड़े दिन बाद ही परशुराम जी ने अपने फरसे से सम्पूर्ण सेना सहित राजा सहस्त्रबाहु को मार दिया। वे तत्कालीन क्षत्रियों के दुष्कर्मों के कारण बहुत ही क्षुब्ध थे, अतः उन्होंने पृथ्वी पर क्षत्रियों को मृत्यु दण्ड दिया व इक्कीस बार पूरी पृथ्वी को क्षत्रिय विहीन कर दिया। जिस स्थान पर शिवलिंग की स्थापना की थी वहां एक मंदिर भी बनवा दिया। कालान्तर मंदिर खंडहरों में बदल गया। 

   काफी समय बाद एक दिन लण्डौरा की रानी इधर घूमने निकली तो उसका हाथी वहाँ आकर रूक गया। महावत की बड़ी कोशिश के बाद भी हाथी वहां से नहीं हिला तब रानी ने सैनिकों को वह स्थान खोदने का आदेश दिया। खुदाई में वहाँ एक शिवलिंग प्रकट हुआ जिस पर रानी ने एक मंदिर बनवा दिया यही शिवलिंग तथा इस पर बना मंदिर आज परशुरामेश्वर मंदिर के नाम से विख्यात है।

इसी पवित्र स्थल पर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी कृष्ण बोध आश्रम जी महाराज ने भी तपस्या की, तथा उन्हीं की अनुकम्पा से पुरामहादेव महादेव समिति भी गठित की गई जो इस मंदिर का संचालन करती है। 

काँवड़ यात्रा का प्रारंभ और इस से जुड़ी मान्यताएं

१,  मान्यता है कि सबसे पहले भगवान परशुराम ने बागपत के पास स्थित पुरा महादेव मंदिर में कावड़ से गंगाजल लाकर जलाभिषेक किया था। जलाभिषेक करने के लिए भगवान परशुराम गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल लेकर आए थे।

२, कुछ अन्‍य मान्‍यताओं के अनुसार सबसे पहले प्रभु श्री राम ने शिव का जलाभिषेक किया। कथा मिलती है कि श्रीराम ने बिहार के सुल्तानगंज से कांवड़ में गंगाजल भरकर, बाबाधाम में शिवलिंग का जलाभिषेक किया था।

३, कुछ विद्वानों का मानना है कि त्रेतायुग में श्रवण कुमार हिमाचल के उना क्षेत्र से अपने माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार लाए और उन्हें गंगा स्नान कराया था। वापसी में वे अपने साथ गंगाजल भी ले गए। और इसे ही कावड़ यात्रा की शुरुआत माना जाता है।

४, पुराणों के अनुसार समुद्र मंथन से निकले विष को पी लेने के कारण भगवान शिव का कंठ नीला हो गया और वे नीलकंठ कहलाए। विष के प्रभाव को खत्म करने के लिए लंका के राजा रावण ने कांवड़ में जल भरकर बागपत स्थित पुरा महादेव में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। यहां से शुरू हुई कावड़ यात्रा की परंपरा। वहीं कुछ के अनुसार विष के प्रभावों को दूर करने के लिए देवताओं ने सावन में शिव पर मां गंगा का जल चढ़ाया था और तब कांवड़ यात्रा का प्रारंभ हुआ।

५, हिंडन के तट पर स्थित इस मंदिर की स्थापना के बारे में माना जाता है कि इसे भगवान परशुराम ने स्‍थापित किया था। यही वजह है कि कांवड़‍ियों के लिए महादेव के मंदिर का खास महत्‍व है। 

इसी के साथ मेरे इस यात्रा वर्णन का भी अंत होता है, ये इस सीरीज की अंतिम कड़ी थी, टिप्पणी में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे, मेरे द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी कैसी थी, जानकारियों के बारे में कोई मतभेद या अन्य मान्यताओं की जानकारी हो तो वो भी जरूर बताए, 

शुभेच्छाओ के साथ,

अतुल शर्मा 

( पगला पंडित )




Wednesday, August 28, 2019

काँवड़ यात्रा : मेरा अनुभव (भाग २)

काँवड़ यात्रा : मेरा अनुभव 

#भाग_२

#भाग_१  #यात्रा_पूर्व_तैयारी से आगे,

#हरिद्वार_प्रस्थान

सभी जरूरी सामान जुटाने के बाद, मेरा कार्यक्रम २६ तारीख की शाम को दिल्ली से हरिद्वार के लिए प्रस्थान करने का था, बस मार्गो पर भीड़, जाम, रूट डाइवर्जन का कोई भरोसा नही था तो मेरी प्राथमिकता रेल मार्ग से जाना था, सीट आरक्षित कराने का सोचा तो किसी भी ट्रेन में कन्फर्म सीट मिलने का कोई चांस नही था, अंततः सामान्य श्रेणी से यात्रा के लिए जाना ही निर्धारित हुआ, आफिस में २६ जुलाई की  प्रातःकालीन सेवा समाप्त करने के बाद घर पहुँच कर तुरन्त हरिद्वार के लिए प्रस्थान करना था, ढाई बजे तक घर पहुंचा फिर खाना खाया, अंतिम बार सभी जरूरी सामान देखा रखा, और नहा कर घर के मंदिर में भगवान के सामने हाथ जोड़कर माँ बापू के चरण स्पर्श कर हरिद्वार के लिए निकल लिया, समय साढ़े तीन हो चुका था, मेट्रो में सवार होकर उपलब्ध ट्रेनों के लिए जानकारी ली, घर से दिल्ली ऋषिकेश पैसेंजर से जाने का प्लान करके निकला था लेकिन उससे पहले दिल्ली सहारनपुर हरिद्वार डेमू जाने वाली थी तो तुरंत UTS से टिकिट बुक किया, 
दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा तो ट्रेन प्लेटफार्म नम्बर  ७ पर लग चुकी थी, चलने में कुछ ही मिनट शेष थे, थोड़ी मेहनत के पश्चात एक कोच में सीट का सीट जुगाड़ भी हो गया, हम भी बैठ गए बैग को गोद मे दबोचे, क्योंकि बहुत जल्द भयानक भीड़ होने वाली थी, 
ट्रेन लगभग अपने नियत समय पर प्रस्थान कर गयी आने वाले प्रत्येक स्टेशन पर भीड़ बढ़ती जी रही थी और मैं सिकुड़ता, मेरठ आते आते रोजाना वाली यात्री लगभग समाप्त हो गए और कांवड़िया पूरी ट्रेन में भर चुके थे, मैं अभी तक भी अपनी सीट पर काबिज था, 
लेकिन ये सीट शायद ज्यादा देर मेरे पास नही रहने वाली थी उसी डिब्बे में ठीक मेरे सामने एक महिला अपने चार छोटे बच्चों के साथ जैसे तैसे खड़ी थी जिनमे से एक को मैं पहले ही अपने साथ एडजस्ट कर चुका था, भीड़ में उनकी हालत देख कर दया तो आ रही थी लेकिन सफर लम्बा था इसलिए मैं भी सोच रहा था सीट गयी तो फिर पूरे रास्ते खड़े ही जाना पड़ेगा और रात में हरिद्वार पहुंच कर मुझे तुरंत ही वापस पैदल काँवड़ यात्रा भी आरम्भ करनी है तो मैं सीट पर जमा हुआ था, लेकिन अनंत भीड़ में उनके खड़े रहने की हिम्मत जवाब दे गई तो वे मेरे पैरों के बीच मे बैठने की कोशिश करने लगी, अब मेरी  बेशर्मी का घड़ा भी शायद भर गया था तो मैंने उन्हें अपनी सीट दे दी लेकिन इस के साथ ये भी बोल दिया कि यदि मुझे जरूरत होगी तो मुझे बैठने देना, 
अब वो बेचारे हर स्टेशन पर मुझे बैठने के लिए पूछने लगे लेकिन मैं थोड़ा हिम्मत जुटा कर हर बार मना करता रहा और अपने खड़े होने के लिए दीवार के सहारे जगह बना ली थी, सहारनपुर आते आते मुझे भी बैठने की जरूरत महसूस होने लगी, पैर तक चुके थे उन्होंने फिर पूछा तो मैंने बैठने के लिए हां कर दी, इस से पहले की  मैं बैठ पाता मेरे थोड़ा खिसकते ही मेरे पैरों के पास बैठे एक बाबा तुरंत लेट गए अब वहां मेरे खड़े होने लायक भी जगह नही बची, तो वो तीन वहां कैसे खड़े हो पाते तो मैं फिर खड़ा ही रह गया, अब ये लगभग फाइनल हो चुका था कि मुझे हरिद्वार तक खड़े हुए ही जाना है वो भी एक पैर पर, जैसे जैसे हरिद्वार नजदीक आ रहा था ट्रेन में भोले शंकर के जयकारे बढ़ते जा रहे थे, 
खैर जैसे तैसे ट्रेन करीब एक बजे हरिद्वार पहुंच गई अपने निर्धारित समय के एक घंटा की देरी के साथ, ट्रेन में ही अधेड़ सहरात्री जो सकौती से आए थे उनसे थोड़ी बातचीत हुई वो अकेले थे एक कागज पर किसी का नंबर लिखा कर लाए थे जो उनके गाँव से ही थे और काँवड़ लेने आए हुए थे, रास्ते मे तीन बार फोन मांग कर वो उनसे बात कर चुके थे कि कहाँ पहुंचे तो इतना मैं भी जान गया था वो काँवड़ लेने ही जा रहे थे, 
ट्रेन से उतरते ही वो मेरे साथ ही रहे, मुझे भी एक साथी की जरूरत थी जो नहाते समय मेरे समान की देखरेख कर सके, हालांकि वे भी अनजान थे लेकिन थोड़े संसय के साथ मैंने उन्हें साथ रहने दिया, 
ट्रेन से उतरकर बाकी यात्रियों की तरह हम भी पैदल हर की पैड़ी की और चल दिये, हर की पैड़ी पहुंच कर सबसे पहले हमने बाकी सामान जुटाया जैसे काँवड़ बैग, जल की कैनी, एक बड़ा भगवा गमछा, प्रसाद , धूप, और बैठने सामान रखने के लिए एक पॉलीथिन सीट, 
हर की पैड़ी पहुंचते ही सारी थकान भाग चुकी थी, भोले बाबा का जयकारा लगाते हुए मैं भी गंगा मैया को प्रणाम करके घाट पर पहला कदम रखा, 

#भाग_३ में जारी....

Saturday, December 9, 2017

स्कूल वाला प्यार

#कहानी #Story

#स्कूल_वाला_प्यार

शादियों का सीजन शुरू हो चुका है, मन मे एक उम्मीद सी थी शायद इस बार हम भी दूल्हा बन जाएंगे,

घर की हालत बहुत अच्छी ना थी, किसी से छिपा ना था किन परिस्थियों से उबरे है, एक समय था दो कमरों के कच्चे घर मे बरसात के नाम से ही पसीने छूट जाते थे, कच्चा मिट्टी का घर, जर्जर हो चुकी लकड़ी बाँस पुराल की छत अब गिल्ली मिट्टी का वजन सहने में अमर्थता जता चुकी थी, पुरानी कड़िया जवाब दे चुकी थी जिन्हें किसी तरह टेक लगाकर ढांढस बंधाया गया था,

यू तो हवलदार हुए चार साल बीत गए, लेकिन अबतक शादी का कोई विचार मन मे ना था, घर के हालात अभी कुछ सोचने की मोहलत ही कहाँ देते थे लेकिन इन चार साल में पाई पाई जोड़ कर क्या कुछ नही किया, बचपन की यादे समेटे पुराने घर को तोड़कर नया मकान बना दिया है, लेकिन अभी इस मकान के घर होने में कुछ कमी सी है,

कहने को चार कमरों का पक्का हवादार मकान है, लेकिन रहने में लिए केवल बूढ़े माँ बाप और एक छोटा भाई, माँ बूढ़ी हो चली थी, पिताजी के जोड़ो में भी दर्द रहने लगा था, गाँव घेर के ज्यादातर काम मे छोटा हाथ बटाने लगा था, लेकिन उसकी अपनी पढ़ाई
भी थी पिताजी आज भी उसे काम नही बताना चाहते,  वैसे भी इस बार बोर्ड परीक्षा है,

जब से नया मकान बनाया था  यार रिश्तेदार शादी के प्रस्ताव लाने लगे थे, इस बार दीवाली की छुट्टी आया तो माँ बापू की पसन्द से एक रिश्ता स्वीकार कर लिया, शादी की तैयारी शुरू हो चुकी थी, साफ सफाई के क्रम में पुरानी किताबो की गठरी संभाल रहा था, गठरी से कुछ  पुरानी किताबे निकली, जिनके अंतिम पृष्ठ पर एक नाम बार बार लिख कर बार बार काटा गया था, किसी और के लिए उसे पढ़ या समझ पाना असंभव था, लेकिन स्याही के वो गहरे रंग एक मासूम मुस्कान बिखेरने के लिए काफी थे,

मुस्काते पन्ने पलटते कब यादों के फ़्लैशबैक में पहुंचा इसे केवल महसूस किया जा सकता है,

मुस्कान की वजह तो समझ ही गए होंगे, नाम लिख कर बस उजागर नही करना चाहता, इस मुस्कान के पीछे जो चेहरा था उसमे कुछ तो खास था, साधारण गेहुआ रंग, औसत नाक नक्श, इकहरा बदन बाहर से देखने पर सब कुछ तो साधारण था.... बस असाधारण था उसका मौन... उसकी मुस्कान... आज फिर वो चेहरा नजर आ रहा है, भूल गया था जिसे जिंदगी की भाग दौड़ में, याद आया भी तो किस मोड़ पर, सामने दोराहा है... कुछ भी तो नही मालूम आज उसके बारे में.... कहाँ है किसी है क्या है....

यादों के सुनहरे पन्ने पलटते जा रहे है, जैसे बेपरवाह हवा किसी लावारिश डायरी को पढ़े जा रही हो....

डायरी से याद आया उन दिनों मैं भी डायरी लिखा करता था, शायद वो डायरी भी इसी गठरी में है आजकल, तुरंत वो किताब जमीन में रख मेरे हाथ वो डायरी टटोलने लगे गठरी में, जिसके साथ उसकी पहली याद, पहली मुलाकात जुड़ी है... साथ पढ़ते हुए हमें एक महीने से ज्यादा हो चुका था, नाम से एक दूसरे को जानते भी थे लेकिन कभी कोई विचार नही आया था किसी भी तरह का, बातचीत बिल्कुल नही होती थी हमारे बीच,

खैर डायरी के कवर के स्पर्श से ही हाथ ठिठक गया, ठीक उसी तरह जैसे उसके पहले स्पर्श से ठिठका था, मौका था 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का, निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरण का... हम दोनों ने क्रमश प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया था, पुरुस्कार लेने के बाद उसे खोलने की जल्दबाजी में थे दोनो ही,मैने चहक कर कहा मुझे तो डायरी मिली है जैसे ही मुड़ा मेरे पीछे वो खड़ी थी उसके हाथ से डायरी वाला हाथ टकराया और मैं ठिठक गया, सारा उत्साह एक दम शांत.... एक क्षण के लिए नजरे मिली, कोई शिकवा कोई शिकायत नही अगले ही क्षण दोनो वापस अपनी रामधुन में था

इसके बाद से मैं या कहें हम दोनों एक दूसरे को नोटिस करने लगे थे, उसका सदैव धारण किया जाने वाला मौन मुझे घनघोर रहस्यमयी लगने लगा था, क्लास में मेरा ज्यादातर समय उसे चोरी चुपके निहारने में  गुजरने लगा था, मैं बिल्कुल नही चाहता था कि किसी को भी नए नवेले प्रेम के बारे में तनिक भनक भी लगे,

शायद सामने वाली पार्टी को भी इस बात का अहसास हो चुका था जिसका प्रमाण उसने कई बार अपनी मोहक मुस्कान से दिया था, क्लास में ज्यादातर शांत सा रहने वाला मैं अब उसकी हँसी के लिए उलजुलूल हरकते करने लगा था, जिस कारण एक दो बार मार/ डांट भी  खानी पड़ी,

अब छोटे मोटे काम के बहानो से बाते होने लगी थी, एकेले में या चोरी छिपे मुस्कुराहटों का आदान प्रदान भी खूब चलता था, अब कई बार मजाकिया लहजे में प्रेम के इजहार वाले द्विअर्थी संवाद भी होने लगा था,
छुट्टी के बाद अक्सर साथ ही जाना होने लगा था, हमारी तीन दोस्तो की मंडली हुआ करती थी जो अक्सर उसकी मंडली के आस पास ही भटकती पाई जाती थी,

प्रैक्टिकल फाइलों के आदान प्रदान, नोट्स शेयर करने के बहाने एक दो बार मैंने अपने प्रेम का इजहार करते कुछ शब्द भी भेंट किये, लेकिन जवाब हमेशा उसका वो रहस्यमयी मौन ही रहा,

दिल की बेचैनी बढ़ती जा रही थी, स्कूल के बाद भी देखने की चाहत हमेशा सताने लगी थी, थोड़ा प्रयास किया तो उसके घर के पास एक ट्यूशन का पता चला, उन ट्यूशन वाले भैया जी हमने अपना गुरु भी बना लिया,
अब रोज शाम चार बजे उसकी गली पर ट्यूशन पढ़ने जाने लगे, शुरुवाती दो तीन दिन दर्शन ना होने पर हमने क्लास में अपने ट्यूशन का एलान तक कर दिया,
आज उम्मीद कुछ ज्यादा थी इसीलिए आज समय से पहले ही निकल लिए ट्यूशन के लिए, खैर पौने चार बजे ही हम उसकी गली के नुक्कड़ पर थे, नुक्कड़ पर लगे नल पर कभी पैर धोते कभी मुँह, कभी पानी पीते यो कभी बाल भिगाते हमने 10 मिनट बर्बाद कर दिए,

आखिरकार हमारी मेहनत सफल हुई, चार बजने में ठीक चार मिनट पहले वो बाल्टी लेकर अपने घर से निकली, उसे देखते ही हमारी झूठी हँसी भी गायब हो चुकी थी, उसकी चाल में आज एक अजीब सी मस्ती थी जो आज तक हमने महसूस नही की थी, चेहरे पर उसके वो रहस्मयी मौन तो था लेकिन आज उसके गालों से अजीब सी  लाली छिटक रही थी, नल के पास से होते हुए वो अपने घेर को चली गयी हम भी अपनी किताबे पकड़ ट्यूशन पहुँचे, अब ये रोज का सिलसिला बन चला था,

कब तक यूँही मन बहलाते, दोस्तो के साथ कि वजह से बात नही हो पाती थी तो हमने एकेले जाने का निर्णय लिया, अब अकेले नल पर खड़े होकर इंतज़ार की हिम्मत ना होती थी, फिर तीन चार दिन यूँही हिम्मत जुटाते गुजरे एक दिन उसे आते देख मैं नल पर ही उसका इंतजार करने लगा, वो पास आई मैं पानी पीने के लियव बढ़ा वो बिना कुछ कहे नल चलाने लगी, पानी पिया और दोनो अपने रास्तो पर बढ़ चले,

अब तक दोस्तो को इस प्रेम खिचड़ी का पता चल चुका था, उन्होंने चिढ़ाना शुरू कर दिया था कई बार तो उसे भाभी कहकर भी बुला देते और वो पगली कभी घूरकर आंखे दिखा देती, कभी मुस्कुराकर टाल देती,  हमारी प्रेम की गाड़ी पटरी पर तो आ चुकी थी लेकिन जाना कहाँ है ये किसी को मालूम ना था,

स्कूल में हमारा अंतिम छमाही चल रहा था, पढ़ाई लगभग बन्द हो चुकी थी बोर्ड की तैयारी के चक्कर मे ज्यादातर बच्चो ने क्लास आना बन्द कर दिया था,

हम जैसे इश्क़ के मरीज लोग अभी भी स्कूल के चक्कर लगा रहे थे, मस्तिया और लापरवाही अपने चरम पर थी, दूसरी तरफ पढ़ाई भी लगातार जारी थी, फिजिक्स, केमेस्ट्री से लेकर ट्रिग्नोमेट्री, स्टेटिस से डायनामिक्स, अलजेब्रा से लेकर सब कुछ रिवीजन हो चुका था सिवाए कैलकुलस के, कैलकुलस में हमारी गाड़ी d/dx यानी डिफेंसियसन से आगे ना बढ़ सकी, स्कूल के इस अंतिम दौर में एक सेकंड कनेक्शन के चक्कर मे हमारा रिश्ता डिफ्रेंसिएट हो गया, और ईगो वस हम उसे वापस इंटीग्रेट करने की कोशिस भी ना कर पाए, जैसे जैसे रिश्ते में दूरी आई स्कूल से भी दूरी बनती चली गई,

कुछ दिन की दूरी और अकेलेपन ने दिमाग ठिकाने पर ला दिया, अब मिलने की तड़प बढ़ने लगी थी, अब ट्यूशन जाने के समय और बाल्टी लेकर घेर में आने के समय मे भी कोई मेल ना बचा था,

हालत अभिमन्यु जैसी हो गयी थी जो चक्रव्यूह में घुसना तो जानता था लेकिन बाहर कैसे निकला जाए इसका ज्ञान ना था, समय का चक्र चलता गया बोर्ड एग्जाम शुरू हो गए, नाम पास पास होने की वजह से सीट एक ही कमरे में पड़ी थी, इससे स्थिति और भी विकट हो चली थी, दो महीने के इंतज़ार के बाद दर्शन तो हुए लेकिन मौन अभी तक जारी था,  जिस तरह पानी को देखकर प्यास बढ़ती जाती है ठीक वैसे ही मेरी हालत थी, देख तो रोज रहा था लेकिन बात नही कर सकता था,  आखिर कब तक इंतजार करता अब निश्चय कर लिया था कि अंतिम पेपर वाले दिन ये मौन तोड़ देना है,

अंतिम पेपर English !! का था,  नकल धड़ल्ले से चल रही थी, अव्यवस्था, अनुशासनहीनता और शोर शराबे का बोल बाला था, अंतिम समय मे पेपर लिखने की धुन में मैं उसे भूल चुका था, जब एग्जाम शीट सबमिट करने की बारी आई वो एग्जाम हाल से बाहर जा चुकी थी, जल्दी बाजी शीट लगभग फेंकते हुए मैं बाहर की तरफ दौड़ा, बरामदे में भी उसका कहीं कोई पता ना था, बिना मौजे पहने ही जूते फंसाते हुए मैन गेट की टरफ लपका, गेट खुले हुए समय बीत चुका था इसका अंदाजा वहां भीड़ को ना देख कर हो गया था, गेट तक पहुंचने तक उम्मीद धुंधली हो चुकी थी, शायद वो जा चुकी थी .... हमेशा हमेशा के लिए....

फ्लैशबैक चल ही रहा था अपनी रफ्तार से, माँ ने लगभग चिल्लाते हुए कहा क्या बुत बना बैठा है आधे घंटे से, मैं दिवास्वप्न की दुनिया से बाहर आया, डायरी ट्यूशन के दिनों की तरह जीन्स में पीछे घुसेड़ते हुए आज फिर निकल पड़ा था गली के नुक्कड़ वाले उसी नल पर पानी पीने के लिए.....

#स्कूल_वाला_प्यार

Follow my writings on https://www.yourquote.in/paglapandit #yourquote