Search This Blog

Showing posts with label पुरा महादेव. Show all posts
Showing posts with label पुरा महादेव. Show all posts

Friday, August 30, 2019

काँवड़ यात्रा : मेरा अनुभव ( भाग ६, अंतिम कड़ी)

  भाग ६ अंतिम कड़ी
पुरामहादेव जलाभिषेक 

अभी तक भाग १ में यात्रा की तैयारी, भाग २ में दिल्ली से हरिद्वार ट्रेन यात्रा का विवरण, भाग ३ में काँवड़ यात्रा के पहले दिन हरिद्वार से नारसन का सफर, भाग ४ में यात्रा के दूसरे दिन नारसन से मंसूरपुर तक, और भाग ५ में तीसरे दिन मंसूरपुर से अपने गाँव रासना तक की यात्रा पढ़ी,

अब आगे 

पिछले भाग के अंत मे आपने पढ़ा कि हम सुबह ढाई बजे जगने का निर्णय करके सो गए, घर के साफ सुथरे बिस्तर, हवा और अच्छे खाने की वजह से अच्छी नींद आई, सुबह ढाई बजे एक बार मेरी नींद खुली मैंने पहले फोन में टाइम देखा फिर आसपास, सब मस्त सोए पड़े थे, मैं भी चुपचाप चद्दर वापस ढक कर सो गया, थोड़ी देर बाद तीन बजे बाहर से मम्मी की आवाज आई, जो इतनी सुबह उठकर हमे जगाने आ गयी थी, अब तो जगना ही था तो धीरे धीरे सब जगे और दैनिक क्रियाओं से निपटकर पुरा महादेव जलाभिषेक के लिए निकल पड़े, निकलते निकलते ५ बज गए थे, पुरा महादेव हमारे यहां से करीब १०-११ किमी है तो हमने ८ बजे तक पहुंचने का अनुमान लगाया, 

धीरे धीरे चलकर और रास्ते मे दो जगह रुककर भी 8 बजे से पहले ही पुरा पहुंच गए, मेला परिसर में एक जानकर की दुकान पर अतिरिक्त सामान और जूते चप्पल रखकर हम सब मंदिर परिक्रमा और जलाभिषेक के लिए लाइन में पहुंचे, अब तक भीड़ काफी बढ़ चुकी थी

बाहरी परिक्रमा के बाद जब मुख्य लाइन में पहुंचे वहां भीड़ भयानक थी, यहां से लाइन बड़े धीमे से खिसक रही थी, किसी तरह मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंचे, यहां बैरिकेट अलग ही तरीके से लगाया गया था जिसके नीचे से बैठ कर जाना था, जिसकी उचाई कमर से भी नीचे थी, इतनी भीड़ धक्कामुक्की में उसके नीचे से निकलना अपने आप मे चुनोतिपूर्ण था, ये भगवान का आशीर्वाद या कृपा ही समझ लो यहां कोई हादसा नही हुआ, 



भीड़ में जैसे तैसे मसक्कत करते हुए हम भी मुख्य मंदिर में पहुंचे शिवलिंग का जलाभिषेक किया, जलाभिषेक करते सेक्युरिटी ने आगे ढकेल दिया, मंदिर के मुख्य निकास द्वार पर बाकी साथियों के आने की प्रतीक्षा की कुछ मुझ से पहले आ चुके थे एक दो बाकी थे, 

अब बारी थी मेला घूमने की, तो निश्चित हुआ कि मेला जिसका जैसे मन है घूमे और घूमकर अंत मे सब उसी दुकान पर मिलेंगे जहां सामान और जूते चप्पल रखे है,  तो हम लोग दो टीम में अलग अलग हो गए, मेरे साथ राहुल और गौरव रह गए, बाकी लोग अलग निकल गए, 
मेले में सबसे पहले घर के बच्चों के लिए खिलौने खरीदे, फिर प्रसाद के साथ देने के लिए कुछ माला आदि, फिर घर मंदिर के लिए घंटी आदि कुछ सामान, शॉपिंग के बाद बाहर की तरफ चलते हुए खाने के स्टाल थे वहां छोले भटूरे का स्टाल देखते ही राहुल फैल गया को छोले भटूरे खाने है मैंने उसे बड़ी मुश्किल से समझाया कि यहां आज खाने लायक कुछ नही मिलेगा , गाँव का मेला है तो सब रेलमपेल होगा, फिर पड़ोस में ही चांट देखकर फैल गया, चांट देखकर मैंने भी सोचा कि चलो खा ही लेते है तो हम तीन लोग साथ थे तीन प्लेट टिक्की आर्डर की, दिखने में तो टिक्की ठीक थी लेकिन स्वाद गायब था, मैं टिक्की ख़त्म कर पाता इस से पहले ही राहुल वापस भाग कर छोले भटूरे की स्टाल में घुस गया बोला भाई मैं छोले भटूरे देख कर कंट्रोल नही कर सकता, 
समझाने के बाद भी नही माना तो मैं साथ तो चला गया लेकिन खाने से मना कर दिया कि केवल दो प्लेट मंगाई जाए, छोले भटूरे जब सामने आए तो उसका सारा छोले भटूरे का प्रेम गायब हो गया, 
अब मेरी हंसने की बारी थी मैं उसकी शक्ल और छोले भटूरे की प्लेट देख कर हंस रहा था, उन दोनों ने किसी तरह एक एक भटूरा खाया एक एक प्लेट में ही छोड़ कर गायब, मैंने भी उन्ही की प्लेट से टेस्ट किया था थोड़ा, हम छोले भटूरे के स्टाल पर पहुंचे थे तभी बाकी लोग अड्डे पर पहुंच चुके थे जहाँ मिलना था उनका फोन आना शुरू हो चुका था, 
हम उन्हें गोली देते रहे कि यहां पहुंच गए वहां पहुंच गए दुकान नही मिल रही, फिर जब हम पहुंचे तो उनसे उनसे नजर बचा कर थोड़ा आगे निकल गए दुकान से फिर वापस मुद कर आए और बोले हम तो बाहर तक पहुंच गए थे दुकान नही दिखी, 
   
फिर हमने वहां से जूते चप्पल और बाकी सामान लिया और वहां से प्रसाद खरीदा सबने घर के लिए, अब फिर बाहर निकलकर हमने घर के लिए ऑटो बुक किया, रास्ते मे एक ट्यूबवेल पर सब जी भरकर नहाए, जो जाते हुए ही निश्चित हो गया था कि वापसी में यहां नहाकर चलेंगे, 
  गाँव पहुंच कर, गाँव के मंदिर, और आपने देवता पर भी जल और प्रसाद चढ़ाया फिर हम सब अपने अपने घर निकल लिए और हमारी काँवड़ यात्रा का अंत हुआ, 

विशेष 
  हमारी यात्रा में मुझे कहाँ क्या कमी लगी , आगे के लिए क्या सीख मिल इस बारे में थोड़ी बात कर लेते है, 
  १, यदि आपका प्लान पहले से ही फाइनल है कि जाना है तो शारीरिक रूप से भी थोड़ी तैयारी जरूर कर लें पैदल चलने की, 
  २, मच्छरों से सुरक्षा के लिए अपने साथ ओडोमास जैसा कुछ जरूर अपने साथ रखे, 
 ३, धूप में चलने से पूरी त्वचा झुलस जाएगी तो बड़ी कैप और यदि हो सके तो सनक्रीम भी जरूर ले ले, क्योंकि आने के बाद मैंने देखा झुलस कर पूरी त्वचा काली पन्नी जैसी हो गयी थी जो जगह जगह से पपड़ी के रूप में उतर भी रही थी, 
 ४, साथी हमेशा विश्वसनीय चुने जो हर हाल में साथ रहे और जिनके साथ आप हर हाल में रह सकते हो, एक दूसरे को छोड़कर ना भागे
५, सबसे पहला और जरूरी श्रद्धा और आस्था सबसे ज्यादा मुख्य है, इसके बिना यात्रा सफल होना मुश्किल है भले ही शारीरिक रूप से कितने भी मजबूत हो,
६, यात्रा का सबसे दुखद पहलू जिसके बारे में अभी तक कहीं कोई जिक्र नही किया, नशा !!!
लोग भगवान शिव का प्रसाद बोलकर यात्रा में बेतहासा नशा करते दिखे, नशा किसी भी रूप में ही नाश की निशानी है इससे बचकर रहे,

  अगली यात्रा की उम्मीद में 
   जय भोले भंडारी,  



पुरामहादेव 

जिसे परशुरामेश्वर भी कहते हैं उत्तर प्रदेश के मेरठशहर के पास, बागपत जिले से ४.५ कि.मी दूर बालौनी कस्बे में एक छोटा से गाँव पुरा में हिन्दू भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है जो शिवभक्तों का श्रध्दा केन्द्र है। इसे एक प्राचीन सिध्दपीठ भी माना गया है। केवल इस क्षेत्र के लिये ही नहीं प्रत्युत्त समस्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसकी मान्यता है। लाखों शिवभक्त श्रावण और फाल्गुन के माह में पैदल ही हरिद्वार से कांवड़ में गंगा का पवित्र जल लाकर परशुरामेश्वर महादेव का अभिषेक करते हैं। 


जहाँ पर परशुरामेश्वर पुरामहादेव मंदिर है। काफी पहले यहाँ पर कजरी वन हुआ करता था। इसी वन में जमदग्नि ऋषि अपनी पत्नी रेणुका सहित अपने आश्रम में रहते थे। रेणुका प्रतिदिन कच्चा घड़ा बनाकर हिंडन नदी नदी से जल भर कर लाती थी। वह जल शिव को अर्पण किया करती थी। हिंडन नदी, जिसे पुराणों में पंचतीर्थी कहा गया है और हरनन्दी नदी के नाम से भी विख्यात है, पास से ही निकलती है। यह मंदिर मेरठ से ३६ कि.मी व बागपत से ३० कि.मी दूर स्थित है।
प्राचीन समय मे एक बार राजा सहस्त्र बाहु अपनी सेना के साथ शिकार खेलते हैं ऋषि जमदग्नि के इस आश्रम में पहुंचे, यहां ऋषि की अनुपस्थिति में कामधेनु गाय की कृपा से राजा का पूर्ण आदर सत्कार किया। राजा उस अद्भुत गाय को बलपूर्वक वहाँ से ले जाना चाहता था। परन्तु वह ऐसा करने में सफल नहीं हो सका। अन्त में राजा गुस्से में रेणुका को ही बलपूर्वक अपने साथ अपने महल हस्तिनापुर ले गया, तथा कमरे में कैद कर दिया, वहां रानी ने मौका देखकर अपनी छोटी बहन की सहायता से रेणुका को मुक्त करा दिया, रेणुका ने वापस आकर जब ऋषि को सारा वृतांत बताया तो ऋषि ने एक रात्रि पर पुरूष के साथ महल में रहने के कारण रेणुका को आश्रम छोड़ने का आदेश दिया, रेणुका ने अपने पति से प्रार्थना की वह पवित्र है आश्रम छोड़ कर नही जाएगी, चाहे आप अपने हाथों से उसके प्राण हर ले,
ऋषि ने अपने पुत्रों को माता का सर धड़ से अलग करने का आदेश दिया, परन्तु तीन पुत्रो ने मना कर दिया, चौथे पुत्र परशुराम ने पिता की आज्ञा को अपना धर्म मानते हुए माता का सर काट दिया, उन्हें इसका घोर पश्चताप था इसलिए उन्होंने वहां शिवलिंग स्थापित कर उसकी पूजा करते है घोर तपस्या आरम्भ कर दी, उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर आशुतोष भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा, परशुराम ने अपनी माता को पुनर्जीवित करने की प्रार्थना की, भगवान शिव ने उनकी माता रेणुका को पुनर्जीवित कर दिया, आशीर्वाद स्वरूप एक परशु (फरसा) दिया तथा कहा युद्ध मे जब भी इसका प्रयोग करोगे तो विजयी होंगे,

परशुराम जी वही पास के वन में एक कुटिया बनाकर रहने लगे। थोड़े दिन बाद ही परशुराम जी ने अपने फरसे से सम्पूर्ण सेना सहित राजा सहस्त्रबाहु को मार दिया। वे तत्कालीन क्षत्रियों के दुष्कर्मों के कारण बहुत ही क्षुब्ध थे, अतः उन्होंने पृथ्वी पर क्षत्रियों को मृत्यु दण्ड दिया व इक्कीस बार पूरी पृथ्वी को क्षत्रिय विहीन कर दिया। जिस स्थान पर शिवलिंग की स्थापना की थी वहां एक मंदिर भी बनवा दिया। कालान्तर मंदिर खंडहरों में बदल गया। 

   काफी समय बाद एक दिन लण्डौरा की रानी इधर घूमने निकली तो उसका हाथी वहाँ आकर रूक गया। महावत की बड़ी कोशिश के बाद भी हाथी वहां से नहीं हिला तब रानी ने सैनिकों को वह स्थान खोदने का आदेश दिया। खुदाई में वहाँ एक शिवलिंग प्रकट हुआ जिस पर रानी ने एक मंदिर बनवा दिया यही शिवलिंग तथा इस पर बना मंदिर आज परशुरामेश्वर मंदिर के नाम से विख्यात है।

इसी पवित्र स्थल पर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी कृष्ण बोध आश्रम जी महाराज ने भी तपस्या की, तथा उन्हीं की अनुकम्पा से पुरामहादेव महादेव समिति भी गठित की गई जो इस मंदिर का संचालन करती है। 

काँवड़ यात्रा का प्रारंभ और इस से जुड़ी मान्यताएं

१,  मान्यता है कि सबसे पहले भगवान परशुराम ने बागपत के पास स्थित पुरा महादेव मंदिर में कावड़ से गंगाजल लाकर जलाभिषेक किया था। जलाभिषेक करने के लिए भगवान परशुराम गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल लेकर आए थे।

२, कुछ अन्‍य मान्‍यताओं के अनुसार सबसे पहले प्रभु श्री राम ने शिव का जलाभिषेक किया। कथा मिलती है कि श्रीराम ने बिहार के सुल्तानगंज से कांवड़ में गंगाजल भरकर, बाबाधाम में शिवलिंग का जलाभिषेक किया था।

३, कुछ विद्वानों का मानना है कि त्रेतायुग में श्रवण कुमार हिमाचल के उना क्षेत्र से अपने माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार लाए और उन्हें गंगा स्नान कराया था। वापसी में वे अपने साथ गंगाजल भी ले गए। और इसे ही कावड़ यात्रा की शुरुआत माना जाता है।

४, पुराणों के अनुसार समुद्र मंथन से निकले विष को पी लेने के कारण भगवान शिव का कंठ नीला हो गया और वे नीलकंठ कहलाए। विष के प्रभाव को खत्म करने के लिए लंका के राजा रावण ने कांवड़ में जल भरकर बागपत स्थित पुरा महादेव में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। यहां से शुरू हुई कावड़ यात्रा की परंपरा। वहीं कुछ के अनुसार विष के प्रभावों को दूर करने के लिए देवताओं ने सावन में शिव पर मां गंगा का जल चढ़ाया था और तब कांवड़ यात्रा का प्रारंभ हुआ।

५, हिंडन के तट पर स्थित इस मंदिर की स्थापना के बारे में माना जाता है कि इसे भगवान परशुराम ने स्‍थापित किया था। यही वजह है कि कांवड़‍ियों के लिए महादेव के मंदिर का खास महत्‍व है। 

इसी के साथ मेरे इस यात्रा वर्णन का भी अंत होता है, ये इस सीरीज की अंतिम कड़ी थी, टिप्पणी में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे, मेरे द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी कैसी थी, जानकारियों के बारे में कोई मतभेद या अन्य मान्यताओं की जानकारी हो तो वो भी जरूर बताए, 

शुभेच्छाओ के साथ,

अतुल शर्मा 

( पगला पंडित )




Wednesday, August 28, 2019

काँवड़ यात्रा : मेरा अनुभव (भाग ४)

काँवड़ यात्रा : मेरा अनुभव

#भाग_४

#दूसरा_दिन
#नारसन_से_मंसूरपुर

अभी तक आपने पढ़ा,
#भाग_१ #यात्रा_पूर्व_तैयारी
#भाग_२ #हरिद्वार_प्रस्थान
#भाग_३ #हरिद्वार_से_नारसन #पहला_दिन

अब #भाग_३ से आगे
हाँ तो यात्रा के पहले दिन हमने नारसन से पहले शाम को लगभग ८ बजे काँवड़ को विश्राम दिया, लेटने की जगह का इंतजाम होते ही साढ़े आठ बजे तक ही मुझे भयानक नींद आ गयी, सीधे सुबह तीन बजे नींद खुली, तब तक धीरे धीरे लोग जगने  शुरू हो चुके थे,
मेरे साथी संदीप अभी भी सोए है थे, मैंने सोचा अभी सोने देता हूँ पहले फ्रेश हो लेता हूँ तब जगाऊंगा, लेकिन टॉयलेट के बाहर पहले से ही लाइन लगी हुई थी, जगने के बाद मुझसे इंतजार नही होता तो मैंने बैग से पानी की बोतल निकाली, संदीप को जगाया और मैं सुबह ताजी हवा में प्रातःकालीन भ्रमण पर निकल गया किसी गुप्त जगह की तलाश में, रात में ठहरने से पहले ही देखा था कि आसपास खेत हैं तो मुझे उम्मीद थी मेरी समस्या का हल हो जाएगा, थोड़ी मेहनत के बाद मैं सड़क के दूसरी पार एक खेत मे पहुंच गया जहाँ मेरे जैसे ही खुले में शौच करने दो चार बंधु और भी थे, हालांकि अभी अंधेरा था जोकि खुले में शौच के लिए आदर्श स्थिति है,
इस पूरे प्रक्रिया में मुझे लगभग आधा घण्टा लग गया उसके बाद मैंने संदीप को भी उस स्थान का पता दिया और जल्दी वापस आने को बोला, अब नहाने की बारी थी तो उसका वहां उचित इंतजाम था, फटाफट  बारी बारी से हम दोनों नहाकर आए और सुबह की धूप बत्ती जला कर काँवड़ को प्रणाम कर भोले बाबा का स्मरण करते हुए दूसरे दिन की यात्रा शुरू की, समय हो चुका था साढ़े चार,
सुबह का समय था चलने के लिए अनुकूल था, लेकिन रात में मैंने खाना नही खाया था तो भूख भी जल्दी ही लग गयी, एक घण्टे में करीब पांच किमी चलने के बाद एक चाय की टपरी पर सुबह की चाय पी, और फिर आगे की यात्रा शुरू, अबकी बार फिर से करीब एक घण्टा चलने के बाद हम लोग पुरकाजी पहुँच गए, पुरकाजी में फिर थोड़ा आराम करने का मन बनाया, एक दुकान के बाहर बैंच पड़ी देख कर हम वहीं बैठ गए , मैं जेब से फोन निकाल कर फोन में व्यस्त हो गया, फोन पर गाँव के पड़ोसी हिमांशु गुप्ता की मिस्ड कॉल थी, पहले साथ मे आने का प्लान था लेकिन व्यस्तताओं के चलते साथ नही आ पाया था, और मेरे एक दिन बाद गाँव के सबसे तेज कांवड़िया के साथ आया था,
बात होने पर पता चला कि पुरकाजी में गुप्ता चांट भंडार की चांट प्रसिद्ध है वो जरूर खाना, मैंने बोला कि वो तो पीछे छूट गयी क्योंकि एक बड़ी सी गुप्ता चांट भंडार पीछे छूट चुकी थी बाईपास पर,
बात खत्म करके मैं काँवड़ उठाने के लिए हाथ धो रहा था नल पर, तभी पास के गुजरते एक लोकल से पूछा गुप्ता चांट भंडार कहाँ पड़ता है, तो उसने उंगली सामने की तरफ उठा कर बताया ये रहा,
मुझे हँसी आ गया हम पुरकाजी की प्रसिद्ध गुप्ता चांट भंडार के सामने ही बैठ कर उसी का पता पूछ रहे थे, दरअसल दुकान छोटी सी और बड़ी साधारण सी थी देखने मे, इसलिए उस और ध्यान ही नही गया, मैंने संदीप को बोला भी यहाँ से चांट खाकर ही चलेंगे बड़ी प्रसिद्ध दुकान है, ये बोलकर मैं उसे आने का इशारा करते हुए दुकान की और बढ़ गया, और दो प्लेट टिक्की चांट का आर्डर दिया, इतनी सुबह बाकी शहरों में शायद की चांट पकौड़ी की कोई दुकान खुलती हो लेकिन यहाँ दो दो गुप्ता चांट भंडार बिल्कुल बगल में खुली थी, दोनो ही असली, दोनो पर गुप्ता जी का फोटो, मुझे देखने मे जो दुकान ज्यादा पुरानी लगी मैं उसी पर गया था,
कई तरह की चांट उपलब्ध थी और इतनी सुबह ही खाने वाले भी, चांट वास्तव में अपनी नाम के अनुरूप थे निराश नही होना पड़ा, मजा आ गया, एक प्लेट में ही पेट भी फुल हो गया, अब हम तैयार थे आगे की काँवड़ यात्रा के लिए, 





  पुरकाजी से निकलते हुए घर से फोन आ गया तो मैं फोन पर बात करते हुए चलने लगा, शायद अब हमारी चलने की गति में अंतर आ चुका था क्योंकि संदीप पहले ही दिन से जाँघ लगने से परेशान था, मैंने देखा वो मुझे ८-१० खत्म पीछे चल रहा था, मैं फिर फोन पर बात करते चलता रहा बात लंबी चली, बात खत्म करके देखा तो संदीप पीछे दूर दूर तक कहीं नही दिख रहा था, फिर मैंने सोचा थोड़ा धीरे धीरे चलता हूँ आ जाएगा, यदि कोई बैठने लायक जगह दिखी तो बैठकर इंतजार करूँगा, आगे एक गाँव मे एक दुकान के बाहर सड़क किनारे तख्त पड़ा था तो मैं वहीं बैठ कर इंतजार करने लगा, करीब आधा घण्टा बैठा रहा लेकिन संदीप कहीं नही दिखा,
हालांकि हम दोनों कल से साथ थे लेकिन अभी तक दोनो में से किसी का भी फोन नम्बर नही लिया था, जिसकी जरूरत अब मुझे महसूस हो रही थी, फोन नम्बर होता तो बात कर लेता की कहाँ हो,
आधा घण्टा इंतज़ार करने के बाद भी जब संदीप नही दिखा तो मैंने दोबारा चलना शुरू कर दिया ये सोच कर की शायद यहीं तक साथ था, अब मैं बिल्कुल अकेला था यूं तो सड़क पर लाइन लगी हुई थी कांवड़ियों की लेकिन कोई जानने वाला साथ नही था,
मैं धीरे धीरे मंजिल की और बढ़ने लगा, मेरी पानी की बोतल खाली हो चुकी थी और प्यास लगी थी तो रास्ते मे कोई दुकान दिखने का इंतजार करने लगा, फिर एक जगह शिकंजी की दुकान दिखाई पड़ी तो सोचा चलो शिकंजी पीता हूँ और बैठ गया, शिकंजी पीते ही मुझे पता नही क्या हुआ भयानक नींद आने लगी, आँखों के कहने से मना कर दिया और मैं लगभग नींद की बेहोसी में चला गया, थोड़ी देर बाद जब आंख खुली तो मैं वहीं कुर्सी पर बैठा था मैं चलने की तैयारी कर ही रहा था कि सामने से संदीप जाता हुआ दिखा मैंने आवाज लगाई जल्दी जल्दी समान समेटा और फिर से साथ लग लिया, पीछे क्या क्या कैसे हुआ कहाँ बिछड़े कहाँ कहाँ इंतजार किया इसकी बात हुई, और साथ चलने लगे, अगले पांच मिनट में ही बरला टोल के पास बन्दा फिर से गायब आगे मुझसे निकला नही था इसके लिए मैं पूरी तरह आश्वस्त था, पीछे दूर दूर तक भी दिख नही रहा था, थोड़ा इंतजार भी किया लेकिन फिर भी नही दिखा, मैंने सोचा शायद अब वो चल नही पा रहा है और साथ नही रहना चाहता इसीलिए बार बार पीछे जान बूझकर रुक रहा है तो मैं आगे बढ़ गया,
बरला आते आते धूप भी तेज हो चुकी थी और थोड़ी थकान भी, अकेला था तो चलने में मजा भी नही आ रहा था, फोन पर गूगल मैप देख कर एक के बाद एक छोटी छोटी मंजिल सेट करता कि यहां तक जाना है, शायद करीब १२ बजे होंगे छपार में मेरे सहकर्मी और फेसबुक मित्र Rishi Dixit जी का फोन आया उन्होंने बताया  छपार इंटर कॉलेज में अच्छा इंतजाम होता है रुकने के लिए, सब व्यवस्था बढ़िया होती है तो मैंने सोचा कि चलो यहीं देखते है लेकिन अब चलने में वापस मजा आने लगा था,
छपार इंटर कॉलेज के भंडारे पर पहुंचा तो वहां वास्तव में इंतजाम तो जबरदस्त थे लेकिन भीड़ भी काफी थी और मैं अभी चलने में सक्षम महसूस कर रहा था, मैंने सोचा जब चल सकता हूँ तो रुकना क्यो है आगे कहीं देख लेंगे और मैं बढ़ गया,
छपार पार करते ही मुझे अपनी गलती का अहसास हुआ, छपरा निकलते ही सड़क पर धूप बहुत ही ज्यादा तेज थी, पेड़ सड़क के किनारे से गायब थे एक किमी चलने ही मेरे प्राण गले आ गए, मैं बैठने के लिए जगह ढूंढने लगा लेकिन यहां दूर डर तक दुकान भी नही दिख रही थी सड़क किनारे, मैं भगवान को याद करते आगे बढ़ रहा था, ये मेरी यात्रा का सबसे निराशाजनक दौर था हिम्मत जवाब दे रही थी, मन मे ख्याल भी आया कि लटक लूँ गाड़ी में 😋, लेकिन मैं हिम्मत जुटा कर चलता रहा, किसी तरह सड़क किनारे लगी एक दुकान दिखाई दी लेकिन वहां बैठने को भी जगह नही थी लेकिन मैंने फिर भी वही थोड़ी छांव देखकर एक कोने पर बैठ गया, गर्मी ज्यादा थी जगह कम थी, धूप तेज थी लेकिन हिम्मत जवाब दे चुकी थी इसलिए मैं वहीं बैठा रहा, थोड़ा आराम करने के बाद हिम्मत जुटाई की शायद आगे कहीं ठीक जगह मिल जाए तो कमर सीधी करता हूँ लेटकर, सोचकर मैंने सामान समेटा तो कंधे पर पड़ा गमछा गायब था, आसपास देखा नही दिखा, शायद पीछे रास्ते मे कहीं गिर गया होगा और मुझे पता नही चला, मैं सामान समेटकर आगे बढ़ गया,
धूप और गर्मी से परेशान मैं आगे बढ़ता जा रहा था किसी ठीक ठाक ठिये के इंतजार में, तभी मेरी मुलाकात गाँव के ही तीन लड़को से हुई जिनमे मेरा एक बचपन का सहपाठी कपिल त्यागी, उसका चचेरा भाई चेतन, और मेरे खेत का पड़ोसी कपिल थे, जानने वालों को देखकर थोड़ा हौंसला आया , बात करते हुए हम साथ साथ आगे बढ़ने लगे बातो में थकान और गर्मी भूल गया, फिर हम मेन हाइवे से उतरकर सिसौना गाँव की और जाने वाले रास्ते से बढ़े, सिसौना में ही एक घर के बाहर चबूतरे पर पेड़ के नीचे हमने डेरा जमाया, जगह साफसुथरी थी, शांत भी थी, और हम थके हुए भी थे तो सब कमर सीधी करने लगे, करीब आधा घंटा वहां आराम करने के बाद हम मुजफ्फरनगर के लिए बढ़ गया क्योंकि लंबे वाला आराम अब वहीं होना था,
नए मिले गाँव वाले तीन दोस्तो में कपिल घायल था उसके पैर में सूजन थी डंडे के सहारे चल रहा था, मुजफ्फरनगर में घुसते ही रेलवे लाइन के अंडरपास के पास ही एक खेत मे हमने अपना डेरा जमा दिया दोपहर के आराम का, सड़क के दूसरी और भंडारा भी था लेकिन सड़क से थोड़ा हटकर था तो हम वहां नही गए, वहीं सबने खेत मे एक एक नींद ली, कमर सीधी हुई शरीर थोड़ा फ्रेश, अब दोपहर भी थोड़ा उतर चुकी थी,
अगली मंजिल था शिव चौक, मुजफ्फरनगर पहुंच कर अपनेपन का अहसास हुआ, यहाँ शानदार आदर सत्कार मिला जगह जगह, वैसे भी दो साल रहा हूँ मुजफ्फरनगर में तो अपना सा लगा, यहां लोगो मे उत्साह था, रौनक थे, यहां कांवड़िया केवल ग्राहक नही थे वे कांवड़िया ही थे,
शिव चौक पर परिक्रमा की, जयकारा लगाया , हाथ जोड़े एयर आगे बढ़ गए, मुजफ्फरनगर काफी लंबा बसाया हुआ है अभी भी कई किलोमीटर बाकी था, कंपनी बाग आते आते थकान लगने लगी तो फिर आराम करने का प्लान किया सड़क किनारे वहीँ पेड़ो की छांव देखकर बैठ गए, जैसे तैसे मुजफ्फरनगर पर हुआ अब हमारी आज की मंजिल थी नावला की कोठी, नावला पहुंच कर आज का रात्रि विश्राम करने का, हम धीरे धीरे आगे बढ़ रहे थे और थकान भी, अब भी मन्जिल दूर थी,
  आज फिर वो ही ८ बजे हम मंसूरपुर पहुंच कर खाने का इंतजाम देखने लगे एक ढाबे पर रुके खाने के लिए क्या क्या उपलब्ध है पूछा लेकिन वहां अभी कुछ तैयार नही था, फ़ास्ट फ़ूड थे लेकिन खाना बनने में अभी टाइम लगता तो आगे बढ़ गए आगे चलकर एक ढाबे पर तवे वाली रोटियां बनती दिखी, वहां पूछा तो सब तैयार था, ऑप्शन केवल थाली कीमत ५० रुपये, आलू टमाटर, आलू गोभी, कढ़ी, पीली दाल, अरहर दाल में से कोई तीन सब्जी, चार रोटी और चावल,
सबने भर पेट खाया खाना अच्छा था, वैसे हरी मिर्च भी देने वाला था लेकिन हम मांगते रहा गए खाना खा लिया लेकिन उसकी हरि मिर्च नही आई,
अब खाना खा कर हम करीब तीन किमी ही चले होंगे सब को आलस आने लगा तो हम एक नए आज रात यहीं रुकने का प्लान किया नावला अभी भी करीब ४ किमी बाकी था, सड़क के किनारे एक अच्छा खासा भंडारा था लेकिन जगह नही थी वैसे भी हम चार थे तो काफी जगह चाहिए थी अकेले तो कहीं भी एडजस्ट हो जाते, तो भंडारे के बाहर सड़क किनारे ही बिस्तर लगा दिया, आज की यात्रा का तो यहां विश्राम हो गया लेकिन मेरा विश्राम ना हो पाया, पूरी रात मच्छरों ने जम कर सेवा की मेरी,

#भाग_५ में जारी .....